रायपुर @ news-36.अमानक खाद, बीज की बिक्री का गोरखधंधा छत्तीसगढ़ में फल फूल रहा है। कई स्थानों पर बिना लाइसेंस के कृषि केन्द्र चल रहे हैं, तो कहीं शासन के आदेश की अवहेलना कर अमानक खाद बीच बेच रहे हैं। इस तरह की जानकारी शासन की जांच पड़ताल में ही सामने आई है। अब तक प्रदेशभर से बीज के 20 नमूने और रासायनिक उर्वरक के 42 सैंपल सहित कुल 62 नमूने अमानक होने की रिपोर्ट आ चुकी है।
बीज के 20 सैंपल अमानक
प्रदेशभर से अब तक बीज के 20 नमूने और रासायनिक उर्वरक के 42 नमूने अमानक पाए गए हैं। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ सीजन 2021 में बीज के अब तक 1770 नमूने लिए गए हैं, जिसमें से 1607 नमूनों का विश्लेषित किए जा चुके हैं, जबकि 163 नमूनों की जांच जारी है। उक्त नमूनों में 1587 नमूने मानक स्तर के हैं। 20 नमूने अमानक पाए गए है।
रासायनिक खाद के 42 नमूने अमानक
इसी तरह रासायनिक उर्वरकों की गुणवत्ता की जांच-पड़ताल के लिए कृषि विभाग के उर्वरक निरीक्षकों द्वारा 1455 नमूने विभिन्न संस्थानों से लिए गए हैं। जिसमें से 1105 नमूनों की जांच की जा चुकी है। 350 नमूनों की जांच जारी है। रासायनिक उर्वरकों के विश्लेषित सैम्पल में से 1063 मानक स्तर के तथा 42 अमानक पाए गए हैं। कृषि विभाग की टीम कीटनाशक औषधियों के गुणवत्ता की भी जांच कर रही है। जांच पड़ताल टीम ने अब तक कुल 23 सैम्पल विभिन्न फर्मों से लिए गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे के निर्देशानुसार कृषि विभाग रासायनिक उर्वरकों, बीज एवं कीटनाशक औषधि की गुणवत्ता की´ विशेष निगरानी की जा रही है। कृषि विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी अपने इलाकों में लगातार दबिश देकर बीज, खाद और कीटनाशक औषधियों के सैम्पल ले रहे हैं, जिसकी जांच गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला में की जा रही है। सरकार ने अमानट के लॉट के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं कृषि विभाग ने संबंधित फर्मो को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
किसान भाइयों से अपील
किसान भाई खाद, बीज या कीटनाशक खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। दुकानदार से खाद बीज की गुणवत्ता को लेकर सवाल करने के साथ-साथ रसीद जरूर लें। ताकि किसी भी प्रकार की नुकसान की स्थिति में रसीद के आधार पर आप शिकायत कर सकते हैं। कंपनी के खिलाफ दावा भी कर सकते हैं।