रायपुर @ news-36.com. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह पर पलटवार करते हुए पेगासस जासूसी के मामले में बड़ी बातें कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा, कि छत्तीसगढ़ में कुछ लोगों की जासूसी है। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने जांच कमेटी बनाने की घोषणा की है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह बयान बेमेतरा के टकसीवा रवाना होने से पहले दिया।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, कि पेगासस बनाने वाले कंपनी के लोग छत्तीसगढ़ आए थे और कुछ लोगों से मिले थे। इससे यह इंकार नहीं किया जा सकता कि छत्तीसगढ़ में भी कुछ लोगों की जासूसी हुई है, इसकी जांच होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वो (पेगासस) कह रहे हैं कि भारत सरकार को सेवाएं देते हैं। भारत सरकार को बताना चाहिए कि उनसे डील हुई की नहीं हुई। मंत्रियों, विपक्ष के नेता और पत्रकारों की जासूसी करा रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं की जासूसी करा रहे हैं। आखिर उद्देश्य क्या था। ये तो पूरे देश को जानने का हक है। आखिर उनसे डील हुई की नहीं हुई। दूसरे देशों में जांच हो रही है। यहां क्यों नहीं होना चाहिए ये तो प्रजातांत्रिक देश है।
रमन सिंह पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने डॉ रमन सिंह पर के ट्वीट कर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय पेगासस के लोग छत्तीसगढ़ भी आए थे, हमने उसकी जांच शुरू की है। रमन सिंह जी को बताना चाहिए कि किससे डील हुई है?