भिलाई @ news-36. निगम मंडल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष को केबिनेट और राज्य मंत्री का दर्जा दिए जाने के बाद ट्विनसिटी के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। दुर्ग शहर विधायक और भिलाई नगर पालिक की प्रथम व पूर्व महापौर नीता लोधी के समर्थक बधाई देने के लिए उनके निवास स्थान पहुंच रहे हैं।
सरकार ने निगम मंडल के १३ अध्यक्ष को केबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है। वहीं तीन उपाध्यक्ष को राज्य मंत्री बनाया गया है। इसमें दुर्ग जिले के दुुर्ग शहर विधायक व भंडार गृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा को केबिनेट मंत्री और वित्त विकास निगम की उपाध्यक्ष व भिलाई निगम की प्रथम महापौर नीता लोधी को राज्यमंत्री बनाया गया है। इससे ट्विनसिटी में कांग्रेस के कार्यकर्ता खुशी मना रहे हंै। सेक्टर-5 स्थित उनके निवास पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। बता दें 1998 साडा भंग होने के बाद 2000 में पहली नगर पालिक निगम का चुनाव हुआ था। तब वह कांग्रेस पार्टी के उम्मीद्वार के रूप में प्रथम महापौर बनीं थी।
जिले में वीआईपी की संख्या 6 से बढ़कर हुई 8
वैसे तो दुर्ग को वीआईपी जिला कहा जाता है। अविभाजित मध्यम से लेकर छत्तीसगढ़ गठन तक का इतिहास पर गौर करें तो जिले के जन प्रतिनिधियों ने प्रदेश और देश के लिए प्रतिनिधित्व किया। चाहे वह मुख्यमंत्री हो, मंत्री, राज्य सभा सांसद या फिर सांसद, सभी दुर्ग जिले से ही बनें ।अभी भी दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूपेश बघेल, सूबे के मुख्यमंत्री है। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ताम्रध्वज साहू, गृह व लोक निर्माण मंत्री है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक गुरु रुद्रकुमार, लोक स्वास्थ्य मंत्री है। अब दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा और नीता लोधी भी सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा राज्य सभा सांसद डॉ सरोज पांडेय भी दुर्ग से ही हैं। दुर्ग लोकसभा सांसद, विजय बघेल भी भिलाई के रहने वाले हैं।
