Homeराजनीतिमुख्यमंत्री ने किया 285 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन -बीआईटी...

मुख्यमंत्री ने किया 285 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन -बीआईटी आडिटोरियम में संपन्न हुआ कार्यक्रम

  • दुर्ग @ news-36.मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिले में 285 करोड़ 87 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन आज बीआईटी सभागार में किया। इनमें 261 करोड़ 9 लाख रुपए के 30 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। साथ ही 24 करोड़ 78 लाख रुपए के 27 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ भी मुख्यमंत्री हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
    इस अवसर पर अपने संबोधन मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के नियंत्रण में प्रशासन ने अच्छा काम किया है। इससे प्रदेश में रिकवरी रेट तेजी से बढ़ा है। स्व-सहायता समूह की महिलाएं जिस तरह से गाँवों में काम कर रही हैं उससे न केवल वे आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं अपितु ग्रामीण आर्थिक तंत्र को भी सशक्त कर रही हैं। दुर्ग जिले में तेजी से विकास कार्य किये जा रहे हैं। आज हुए इन लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यों से यह प्रक्रिया और भी सशक्त होगी। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री अकबर ने भी अपने संबोधन में कहा कि दुर्ग जिले में डीएमएफ के माध्यम से भी तेजी से विकास कार्य किये जा रहे हैं जिससे जनकांक्षा पूरी हो रही है।
    पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कोविड के नियंत्रण के लिए दुर्ग जिले ने अच्छा काम किया है और देश भर में इसकी प्रशंसा हुई है। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नेतृत्व में दुर्ग जिले में विकास का बहुत अच्छा कार्य हो रहा है और सभी क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन परिलक्षित हो रहे हैं। लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने कहा कि जनता की बुनियादी सुविधाएं पूरी हो रही हैं और आर्थिक स्तर उठाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहे हैं। दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले के लिए सभी क्षेत्रों में विकास कार्य किये जिससे जिले में अधोसंरचना के क्षेत्र में और आर्थिक सूचकांकों के क्षेत्र में बड़े परिवर्तन लक्षित हुए हैं। इस मौके पर भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि नंदिनी-अहिवारा मार्ग काफी खराब था। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है और इससे नागरिकों को काफी सुविधा होगी। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष शालिनी यादव, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, भिलाई चरौदा महापौर चंद्रकांता मांडले, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। दुर्ग जिले के विकास कार्यों का वीडियो भी इस अवसर पर दिखाया गया। इस मौके पर आईजी विवेकानंद सिन्हा, सीसीएफ शालिनी रैना, एसपी प्रशांत ठाकुर, डीएफ ओ धम्मशील गणवीर, जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक सहित प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
    इन सड़कों का होगा नवीनीकरण
  • 100 करोड़ रुपए की लागत से अंडा से मिनीमाता चौक तक चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य
  • जामुल से नंदिनी-अहिवारा मार्ग भी 78 करोड़ रुपए की लागत से 21 किमी तक बनेगी।
  • ननकट्टी-दनिया-बोरी-पुरदा-लिटिया मार्ग का 12 करोड़ की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा।
  • इंजीनियरिंग पार्क से एकता नगर मुक्तिधाम का 11 करोड़ रुपए की लागत से सड़क बनाई जाएंगी।
  • जलजीवन मिशन के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
  • 12 करोड़ 49 लाख की लागत से शुद्ध पेयजल के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जलजीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन विस्तार का कार्य किया जाएगा।
  • स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत स्टाफ क्वार्टर एवं अधोसंरचना के लगभग 2 करोड़ 16 लाख रुपए के कार्य किये जा रहे हैं।
  • डूंडेरा, भिलाई-3 एवं बटरेल में 47 लाख रुपए की लागत से निर्मित 3 नवीन औषधालय भवनों का लोकार्पण किया गया।

छात्रावास का लोकार्पण
दुर्ग में 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया गया। भिलाई में पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, कन्या छात्रावास, पिछड़ा वर्ग के बालक तथा कन्या छात्रावास का भूमिपूजन किया गया। इनकी लागत लगभग 9 करोड़ रुपए है। पथरिया और रौंदा में 68 लाख रुपए की लागत से बने हाईस्कूलों का लोकार्पण भी किया गया।
भिलाई-चरौदा में अधोसंरचना विकास
नगर पालिक निगम चरौदा में 5 करोड़ 60 लाख रुपए के कार्य होंगे। इसमें जीई रोड से श्रीराम सिटी पदुम नगर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शामिल है। साथ ही विश्व बैंक कालोनी में मिनी स्टेडियम निर्माण, हथखोज ट्रांसपोर्ट नगर में आश्रय स्थल निर्माण एवं उमदा में सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया गया।
बिजली कंपनी के कार्य- विद्युत कंपनी के 51 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण भूमिपूजन भी किया गया। इसमें 36 लाख रुपए के अमलेश्वर में 132/33 के.वी. उपकेन्द्र के कार्य का भूमिपूजन शामिल है, साथ ही पाटन उपकेन्द्र में अतिरिक्त ट्रॉसफा र्मर की स्थापना, पाटन में फीडर बे के कार्य तथा पुलगांव में अतिरिक्त ट्रासफार्मर की स्थापना एवं खम्हरिया में 33/11 उपकेन्द्र की स्थापना जैसे 14 लाख रुपये के लोकार्पण कार्य शामिल है।
हितग्राही मूलक सामग्री का वितरण

इस अवसर पर हितग्राही मूलक सामग्री का वितरण भी किया गया। सिंधुजा समूह को बैंगन की खेती के लिए 20 हजार रुपए एवं मल्चींग के लिए 16 हजार रुपए दिये गए।श्रम विभाग की योजनाओं अंतर्गत दो लाख रुपए की सहायता राशि भी वितरित की गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!