नई दिल्ली @ News-36.मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए IPL-2021 के मुकाबले में पंजाब किंग्स के मयंक-राहुल की पारी पर दिल्ली कैपिटल्स के शिवन धवन की बल्लेबाजी भारी पड़ गया।शिखर धवन की 92 रनों की शानदार पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब को छह विकेट से हरा दिया। पंजाब किंग्स के 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 10 गेंदें शेष रहते छह विकेट से बाजी अपने नाम कर ली। इस तरह से दिल्ली ने अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋ षभ पंत ने टॉस जीतकर पंजाब किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, लेकिन उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। जब केएल राहुल (61) और मयंक अग्रवाल (69) ने मिलकर पहले विकेट के लिए 122 रनों की साझेदारी की। दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक भी पूरे किए। इन दोनों के आउट होने के बाद क्रिस गेल और निकोलस पूरन कुछ खास नहीं कर पाए और दोनों ही सस्ते में पवेलियन लौट गए। हालांकि इसके बाद दीपक हूडा ने 13 गेंदों में 22 और शाहरुख़ खान ने पांच गेंदों में 15 रन बनाकर पंजाब के स्कोर को 195 तक पहुँचाया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की भी तेज शुरुआत हुई। पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने मिलकर तेजी से अर्धशतकीय साझेदारी की। दोनों ने मिलकर छठे ओवर में ही 59 रन जोड़ दिए। पृथ्वी ने आउट होने से पहले 17 गेंदों में 32 रन बनाए। शॉ के आउट होने के बाद स्मिथ और पंत कुछ खास नहीं कर पाए। उधर धवन एक छोर पर टिके रहे और तेजी से रन बनाते रहे। धवन ने आउट होने से पहले 49 गेंदों में 92 रन बनाए। अंत में मार्कस स्टोइनिस और ललित यादव ने मिलकर तेजी से रन बटोरे और मैच को 10 गेंद पहले ही दिल्ली की जीत के साथ खत्म कर दिया।