- दुर्ग सहित प्रदेश के 6 जिले में नव निर्मित राजीव भवन का मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल लोकार्पण
रायपुर@ news-36. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास में आधुनिक भारत के स्वप्न दृष्टा राजीव गांधी की जयंती सदभावना दिवस के रूप में मनाई गई। जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों ने सद्भावना की शपथ ली।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल न कहा कि, राजीव गांधी किसान न्याय योजना छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए नया जीवन लेकर आई है। करोना संकट के बावजूद हमने सबसे बेहतरीन माने जाने वाले धान की खरीदी को संचालित किया। 92 लाख मिट्रिक टन धान की खरीदी की। पहली किस्त के रूप में किसानों के खातों में इनपुट के रूप में 15 सौ करोड़ रुपए अंतरण किया गया है।
भाजपा ने धान खरीदी में किया छलावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पूर्ववर्ती सरकार ने किसानों के साथ छलावा किया है। 21 सौ रुपए प्रति क्विटल की दर से धान खरीदी का वादा किया था, लेकिन वादा पूरा नहीं किया। इससे छत्तीसगढ़ के किसान कर्ज में डूबे हुए थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के तत्काल बाद 2500 रुपए में धान खरीदी का वादा पूरा किया। प्रदेश के 9 हजार किसानों का कर्ज माफी किया। केन्द्र सरकार द्वारा धान खरीदी में अड़ंगा लगाने के बावजूद धान की खरीदी की है। अब धान के बजाय अन्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए 9 हजार रुपए प्रति एकड़ इनपुट देने का निर्णय लिया गया है।
आधुनिक भारत की नींव राजीव ने रखी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र के नवनिर्माण में राजीव गांधी के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि समावेशी विकास की दूरदर्शितापूर्ण सोच के साथ त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था, संचार क्रांति एवं युवाओं को मतदान का अधिकार जैसे निर्णयों से उन्होंने 21वीं सदी के भारत की नींव रखी। उनके विचारों के साथ छत्तीसगढ़ की सरकार काम कर रही है। उनके सपनों के अनुसार मजदूर, किसान, युवा और उद्यमियों के हित में कार्य कर छत्तीसगढ़ को समृद्ध और तकनीक संपन्न राज्य बनाएंगे। नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने भिलाई दुर्ग के हितग्राहियों को पटटा वितरण कार्यक्रम में शामिल होने वाले भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव, कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे सहित पदाधिकारियों को संबोधित किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने जताया आभार
कार्यक्रम का संचालन कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने किया। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह ने आभार जताया। कार्यक्रम में मंत्री मोहम्मद अकबर , उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्र कुमार, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद छाया वर्मा, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, मुख्यमंत्री के सलाहकारद्वय विनोद वर्मा और रुचिर गर्ग ने भी राजीव के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। राज्यसभा सांसद पी. एल. पुनिया, लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत और विधायक मोहन मरकाम वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए।